नौतनवा तहसील में थारू जाति प्रमाण पत्रों की जांच की मांग, गोंड आदिवासी संघ ने सौंपा ज्ञापन

नौतनवा तहसील में थारू जाति प्रमाण पत्रों की जांच की मांग, गोंड आदिवासी संघ ने सौंपा ज्ञापन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | महराजगंज

अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ ने नौतनवा तहसील क्षेत्र में जारी थारू जाति प्रमाण पत्रों की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच कराने की मांग उठाई है। सोमवार को संघ के जिलाध्यक्ष अंगद गोंड के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति,
मुख्यमंत्री, राजस्व परिषद लखनऊ तथा समाज कल्याण मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नौतनवा तहसील के विभिन्न गांवों में नेपाल से आए कुछ लोगों ने स्वयं को थारू जनजाति का सदस्य दर्शाकर कथित रूप से अनुसूचित जनजाति (एसटी) के जाति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए हैं। संगठन का कहना है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए।

संघ ने मांग की है कि नौतनवा तहसील क्षेत्र में जारी सभी थारू जाति प्रमाण पत्रों की गहन जांच कराई जाए तथा जांच में फर्जी पाए जाने वाले प्रमाण पत्रों को तत्काल निरस्त किया जाए। इसके साथ ही, ज्ञापन में उल्लिखित व्यक्तियों की जांच कर उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन में वर्ष 2026-27 की जनगणना के दौरान थारू जनजाति से संबंधित मामलों की विशेष जांच कराने तथा कथित रूप से फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई है।

अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ ने राज्य एवं जिला स्तर पर विशेष जांच समिति गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि वास्तविक पात्रों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।


रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ