किशोर ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
*अलग जाति में शादी की जिद बनी विवाद की वजह, मोबाइल पर हुई बातचीत के बाद घटना की चर्चा*
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार को एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। परिजन गंभीर हालत में किशोर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भैंसा गांव निवासी रुदल साहनी अपनी पत्नी के साथ एक रिश्तेदार का इलाज कराने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनका सबसे छोटा पुत्र राजकुमार (17 वर्ष) अकेला था। दोपहर करीब एक बजे किसी समय उसने कमरे की छत में लगी कुंडी से फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ। जब कमरे की जांच की गई तो राजकुमार का शव फंदे से लटकता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव के लोग मौके पर जुट गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां सरोज देवी और पिता रुदल साहनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार राजकुमार का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बन चुकी थी।
ग्रामीणों में यह भी चर्चा है कि घटना से पहले किशोर और युवती के बीच मोबाइल फोन को लेकर झगड़ा था ।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR