‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ अभियान के तहत आयोजित हुआ कल्याणकारी शिविर

‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ अभियान के तहत आयोजित हुआ कल्याणकारी शिविर

शिविर में किसानों, दिव्यांगजनों एवं विद्यार्थियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,

 देवरिया।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशानुसार कल्याण सेक्टर (जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं जिला प्रोबेशन विभाग) द्वारा जनपद की सभी तहसीलों में "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" की भावना के साथ कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा चयनित लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए जा रहे हैं।


इसी क्रम में रुद्रपुर तहसील सभागार में एक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक प्रमुख रुद्रपुर उषा पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत उपजिलाधिकारी रुद्रपुर तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 19 दिव्यांग लाभार्थियों को लेप्रोसी किट, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), छड़ी एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को 19 प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

जिला समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 12 लाभार्थियों तथा छह छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक समुदाय के छह छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

शिविर
में राजस्व विभाग द्वारा अविवादित वरासत के 135 तथा अंश निर्धारण के 2,575 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। दैवीय आपदा राहत योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत दो लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

अपने संबोधन में विधायक जय प्रकाश निषाद ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, पिछड़े, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर का समापन हुआ।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ