क्रय-विक्रय संपत्तियों के स्टाम्प मूल्यों का जिलाधिकारी ने किया सत्यापन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
देवरिया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने भूमि एवं भवनों के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त स्टाम्प मूल्यों की जांच के लिए दो विक्रय संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण कर सत्यापन किया। जांच के दौरान दोनों मामलों में स्टाम्प मूल्य प्रलेखानुसार सही पाए गए।जिलाधिकारी ने सदर तहसील क्षेत्र में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के बैनामों की जांच के क्रम में सबसे पहले गरुलपार न्यू कॉलोनी स्थित एक मकान एवं खाली भूमि के विक्रय प्रकरण का निरीक्षण किया। मौके पर जांच में उक्त संपत्ति का स्टाम्प मूल्य अभिलेखों के अनुरूप सही पाया गया।
इसके उपरांत उन्होंने बाँस देवरिया स्थित एक मकान के विक्रय प्रकरण की भी जांच की। यहां भी स्टाम्प मूल्य प्रलेखानुसार सही पाया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि एवं भवनों के क्रय-विक्रय में निर्धारित स्टाम्प दरों के अनुसार ही प्रलेखों में स्टाम्प मूल्य अंकित किया जाए। यदि किसी मामले में स्टाम्प मूल्य कम पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में स्टाम्प मूल्य कम दर्शाने का प्रयास न किया जाए। प्रशासन द्वारा इस प्रकार का सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक महानिरीक्षक निबंधन तथा उप निबंधक सदर भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR