दुदही डाकघर भगवान भरोसे! पांच करोड़ के लेन-देन वाले कार्यालय में सिर्फ एक कर्मचारी, आंदोलन की चेतावनी

दुदही डाकघर भगवान भरोसे! पांच करोड़ के लेन-देन वाले कार्यालय में सिर्फ एक कर्मचारी, आंदोलन की चेतावनी

टाईम्स आफ कुशीनगर संवाददाता
कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील अंतर्गत दुदही डाकघर की बदहाल व्यवस्था अब लोगों के सब्र का इम्तिहान लेने लगी है। करोड़ों रुपये के मासिक लेन-देन वाले इस महत्वपूर्ण डाकघर का संचालन महज एक कर्मचारी के भरोसे होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार दुदही डाकघर में पोस्टमास्टर (एलएसजी) और डाक सहायक के दो स्थायी पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्ष 2024 से पोस्टमास्टर का पद रिक्त पड़ा है। वर्तमान में पूरे डाकघर की जिम्मेदारी अकेले डाक सहायक नवीन कुमार चौधरी के कंधों पर है। ऐसे में जमा-निकासी, पासबुक अपडेट, आरडी खातों का संचालन सहित तमाम कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण खाताधारकों को भुगतान और अन्य सेवाओं के लिए कई-कई दिन तक इंतजार करना पड़ता है। इससे आए दिन उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।

बताया जाता है कि दुदही डाकघर में प्रतिमाह करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन होता है। इसके बावजूद विभाग द्वारा रिक्त पदों को भरने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पंचायत दुदही में व्यापारी नेता नरेंद्र कुमार गोयल के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में डाकघर में स्वीकृत पदों के अनुरूप कर्मचारियों की तत्काल तैनाती की मांग की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए नरेंद्र कुमार गोयल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही एलएसजी पोस्टमास्टर की नियुक्ति नहीं की गई तो जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। बैठक में अशोक कुमार, उपेंद्र यादव, प्रेम कुमार गोयल, संजय कुशवाहा, अमित कुमार अग्रवाल, लालू कुमार, संतोष पांडेय, मुकेश कुशवाहा, धनंजय पांडेय, विंध्याचल प्रसाद, ललिता देवी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: के एन राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ