जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने देर रात्रि मेडिकल कॉलेज एवं वन स्टॉप सेंटर का किया आकस्मिक निरीक्षण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
देवरिया । जनपद में स्वास्थ्य एवं महिला सुरक्षा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार देर रात्रि मेडिकल कॉलेज तथा वन स्टॉप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रात्रि 8:30 बजे से 9:00 बजे के मध्य जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड एवं महिला प्रसूति वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत रात्रि 9:00 बजे जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही परामर्श, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य सहायता सेवाओं की समीक्षा की। केंद्र के अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवासीय सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संकटग्रस्त महिलाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता निरंतर बेहतर बनाई जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
देर रात्रि किए गए इस आकस्मिक निरीक्षण से प्रशासन की सतर्कता, जवाबदेही तथा जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश गया है।
रिपोर्टर:ब्यूरो,
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR