सीएमओ के औचक निरीक्षण से परतावल सीएचसी में हड़कंप, चिकित्सा अधीक्षक समेत 10 कर्मचारी अनुपस्थित
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों |
महराजगंज,जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ नगर ने शनिवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक समेत 10 डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
सीएमओ के अचानक अस्पताल पहुंचने पर पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सक एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले। अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों में चिकित्सा अधीक्षक अमित कुमार भी शामिल हैं।
गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने सभी 10 अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए हैं।
डॉ. नवनाथ नगर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा कार्य के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों का मानना है कि इस तरह की विभागीय कार्रवाई से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR