संचालित किए जा रहे मानकविहीन विद्यालयों पर कार्रवाई की मांग, भाजपा नेता ने जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज/देवरिया। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ रिंकू ने सोमवार को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर नगर पालिका क्षेत्र में संचालित कथित मानकविहीन विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या 17 स्थित नॉर्मल कॉलोनी के एक विद्यालय सहित नगर के कई विद्यालय निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहे हैं।शिकायत में विजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि नॉर्मल कॉलोनी स्थित एक विद्यालय के प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों से अंकपत्र (मार्कशीट) देने के नाम पर जबरन धनराशि वसूली जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर बच्चों एवं अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है तथा मारपीट की धमकी दी जाती है।
भाजपा नेता का कहना है कि बच्चों और अभिभावकों से मिली शिकायतों के आधार पर उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर प्रकरण दर्ज कर प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मानकविहीन विद्यालयों के संचालन से बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है, वहीं अभिभावकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि ऐसे विद्यालयों से जारी अंकपत्रों के आधार पर कई बार विद्यार्थियों का अन्य विद्यालयों में नामांकन भी नहीं हो पाता, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विजय कुमार सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे विद्यालयों की जांच कर उन्हें चिन्हित किया जाए तथा नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR