"धुएं को कहा ना, स्वस्थ जीवन को चुना" : विश्व धूम्रपान निषेध दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने ली तंबाकू मुक्त भारत की शपथ
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। विश्व धूम्रपान निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) यूनिट द्वारा जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को धूम्रपान और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी यूनिट की केयर टेकर ऑफिसर डॉ. अपर्णा राठी द्वारा कैडेटों को धूम्रपान और सभी प्रकार के तंबाकू उत्पादों से जीवनभर दूर रहने की शपथ दिलाकर की गई। कैडेटों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन जिएंगे और समाज में भी तंबाकू विरोधी जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाएंगे।
मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि धूम्रपान केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का कारण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू और नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य, परिवार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने एनसीसी कैडेटों को समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश देते हुए कहा कि अनुशासित और जागरूक नागरिक के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने आकर्षक पोस्टर और जागरूकता नारों के माध्यम से धूम्रपान से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेष रूप से कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी समस्याओं के प्रति लोगों को सचेत किया। कैडेटों ने लोगों से तंबाकू छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील भी की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ ।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR