वन विभाग की तत्परता से तेंदुए का सफल रेस्क्यू, आमजन सुरक्षित
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि 7 और 8 मई की मध्यरात्रि करीब 12:50 बजे ग्राम कंठी छपरा में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय तेंदुआ दिखाई नहीं दिया। इसके बाद विभागीय टीम ने आसपास के क्षेत्रों में कॉम्बिंग अभियान चलाया और लोगों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कॉम्बिंग अभियान के दौरान सुबह लगभग 6:15 बजे ग्राम पुर्नहा मिश्र के ग्रामीणों ने सूचना दी कि तेंदुआ एक निर्माणाधीन मकान में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद तेंदुआ खड़ंजा मार्ग से होते हुए गांव के बाहर स्थित एक पुलिया में जाकर बैठ गया।
वन विभाग की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरे एवं जाल का उपयोग किया। घटना की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। निर्देश मिलने पर डॉ. योगेश प्रताप सिंह (पशु चिकित्सक) एवं शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के बाद तेंदुए को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान भेज दिया गया। यह अभियान प्रभागीय वनाधिकारी कुशीनगर एवं डॉ. योगेश प्रताप सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।
अभियान में क्षेत्रीय वन अधिकारी पड़रौना, क्षेत्रीय वन अधिकारी तमकुही तथा वन विभाग के कर्मचारी अमित तिवारी, दिवाकर यादव, संदीप पटेल, आकाश चन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR