सभी अधिकारी एक-एक टीबी मरीज लें गोद, मेहनत से काम कर जीतें जनता का विश्वास
तहसील एवं थाना समाधान दिवस में आयुष्मान कार्ड हेतु लगेगा शिविर
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनाए जाने एवं उसके उपयोग की समीक्षा की। उन्होंने पात्र सभी लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लॉक में 50 आयुष्मान कार्ड धारकों के उपचार का सत्यापन कराया जाए। सत्यापन के दौरान यह जानकारी भी ली जाए कि लाभार्थियों को कौन सी बीमारी थी तथा उपचार में कितना खर्च हुआ। जिलाधिकारी ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत जनपद स्तर पर हुए व्यय का भी विस्तृत ब्यौरा मांगा।
उन्होंने अधिकारियों को कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि तहसील दिवस एवं थाना समाधान दिवस में आयुष्मान कार्ड शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ा जाए। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने तैनाती स्थल पर रहकर सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित का वेतन रोक दिया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं में वास्तविक एवं सही रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में फर्जी आंकड़े बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आशा कार्यकर्ताओं की विजिट बढ़ाने तथा उसके नियमित अनुश्रवण के भी निर्देश दिए गए।
गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच के लिए जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उसका भुगतान रिवॉल्विंग फंड से कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध होने चाहिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने आरबीएसके टीमों को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने एवं उनके भ्रमण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की प्रगति में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए।
बैठक में ट्रिपल ए यानी आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया गया। मातृ-शिशु कार्ड के प्रत्येक कॉलम को सही ढंग से भरने तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यू लिस्ट समान रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी मेहनत और ईमानदारी से कार्य कर जनता का विश्वास जीतें, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को एक-एक टीबी मरीज गोद लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गोद लिए गए मरीजों के उपचार, दवा एवं पोषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डीपीएम, बीपीएम, बीसीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अजय त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR