सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जनपद में हुए भव्य धार्मिक आयोजन

 सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जनपद में हुए भव्य धार्मिक आयोजन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के अवसर पर जनपद के विभिन्न शिवालयों में रविवार को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पंचायत चौक से मंदिर स्थित शिवालय तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के उपरांत परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी सहित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इसके साथ ही गुजरात के सोमनाथ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

उधर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित 'सोमनाथ संवाद' कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों और आमजन ने मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की आस्था, संस्कृति और संघर्ष की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर सदियों से भारतीय सभ्यता को आत्मविश्वास, शक्ति और एकता का संदेश देता आया है। धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक चेतना और गौरव के प्रतीक भी होते हैं।

जनपद के सभी शिवालयों में पूजन-अर्चन, मंत्रोच्चार और रुद्राभिषेक के साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।गौरतलब है कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ