सम्पूर्ण समाधान दिवस में 77 प्रकरणों की सुनवाई, 05 का मौके पर निस्तारण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसुनवाई एवं शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील हाटा में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, महिला कल्याण, मनरेगा तथा अन्य विभागों से संबंधित कुल 77 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 05 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 72 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
विभागवार प्राप्त प्रकरणों में राजस्व विभाग के 42 प्रकरण (05 निस्तारित, 37 लंबित), पुलिस विभाग के 11, विकास विभाग के 04, शिक्षा विभाग का 01 तथा अन्य विभागों के 19 प्रकरण शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरणों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व संबंधी विवादों के समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक शिकायत का समाधान पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश एवं अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश बर्मा, उपजिलाधिकारी हाटा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, समस्त थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR