महराजगंजः शव वाहन को नहीं मिला डीजल, दो घंटे लाइन में खड़े रहे परिजन
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।निचलौल क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक शव वाहन को पेट्रोल पंप पर दो घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद डीजल नहीं मिल सका। इस दौरान मृतक के परिजन परेशान होते रहे और मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सिधावे निवासी सर्वेश कसौधन का बुधवार को निधन हो ग
या था। परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए पिकअप वाहन से ले जा रहे थे। रास्ते में वाहन का ईंधन खत्म हो गया, जिसके बाद उसे निचलौल-चिऊटहां मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर रोका गया।
बताया जा रहा है कि चालक करीब दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहा, लेकिन उसे डीजल नहीं मिल सका। पंप कर्मचारियों ने तेल खत्म होने की बात कहकर पंप बंद कर दिया। इस दौरान शव वाहन में ही रखा रहा और परिजन बेबस नजर आए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि अब "मुर्दों को भी लाइन में लगना पड़ रहा है।" इस संवेदनशील मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे लोगों में और रोष फैल गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंपों पर अव्यवस्था के चलते आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खासकर आपातकालीन परिस्थितियों में भी ईंधन उपलब्ध न होना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
वहीं, इस मामले में पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि आपात स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए।


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR