“बरसात में आ सकती है बड़ी आफत”
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। घुघली ब्लॉक के ग्राम सभा भुवनी मंठ में जल निकासी की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा प्राकृतिक जल बहाव के रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे पूरे गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार पहले गांव का पानी दो दिशाओं में बहता था—एक हिस्सा दूसरे मार्ग से निकल जाता था, जबकि दूसरा बड़ी पोखरी में चला जाता था। लेकिन अब जल मार्ग बंद होने से निकासी बाधित हो गई है। इसका सीधा असर गांव की साफ-सफाई और जनजीवन पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते वर्ष की बरसात में ही स्थिति स्पष्ट हो गई थी कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं। जलभराव के कारण रास्ते बाधित हो जाते हैं और मच्छरों के पनपने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
स्थानीय निवासियों ने कई बार ग्राम सभा प्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे नाराज ग्रामीण अब प्रशासन से सीधे हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। एक जागरूक ग्रामीण ने कहा, “हमने कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब यह सिर्फ सुविधा का मामला नहीं, बल्कि पूरे गांव की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बन गया है।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।ग्रामीणों की प्रमुख मांगें: बंद किए गए जल मार्ग को तत्काल खोला जाए,नालियों की समुचित सफाई और पक्की व्यवस्था की जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो, भुवनी मंठ की यह समस्या न केवल एक गांव की है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में अव्यवस्थित जल निकासी की व्यापक समस्या को भी उजागर करता है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR