थानाध्यक्ष कुँवर गौरव सिंह को भावभीनी विदाई, सूरज कुमार ने संभाला घुघली थाने का कार्यभार
घुघली/महराजगंज। घुघली थाना प्रभारी रहे कुँवर गौरव सिंह के स्थानांतरण पर रविवार को थाना परिसर में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों, पत्रकारों, व्यापारियों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी। वहीं नवनियुक्त थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने कार्यभार ग्रहण कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।
कुँवर गौरव सिंह के कार्यकाल को स्थानीय लोगों ने बेहतर पुलिसिंग, जनसंवाद और सौहार्दपूर्ण व्यवहार के लिए याद किया। बताया गया कि उन्होंने थाना परिसर में फरियादियों की सुविधा के लिए रिसीविंग पर्ची व्यवस्था शुरू कराई, जिससे शिकायतकर्ताओं को पारदर्शिता मिली। क्षेत्रीय लोगों का कहना रहा कि उनकी कार्यशैली, सहज व्यवहार और समस्याओं के त्वरित समाधान की वजह से कई विवाद थाने तक पहुंचने से पहले ही सुलझ जाते थे।
उनके नेतृत्व में बीते वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घुघली थाने में आकर्षक झांकी एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी हुआ था, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा रही थी। कार्यक्रम को लोगों का भरपूर सहयोग मिला था।
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने कुँवर गौरव सिंह को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार सतीश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्ष 2003 के बाद पहली बार किसी थानाध्यक्ष की इस प्रकार यादगार विदाई देखी जा रही है।
अपने संबोधन में कुँवर गौरव सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों, पुलिस टीम और पत्रकारों के सहयोग से ही वे अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सके। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का मिला सम्मान हमेशा याद रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नवनियुक्त थानाध्यक्ष सूरज कुमार का परिचय उपस्थित लोगों से कराया तथा क्षेत्रवासियों के साथ सामंजस्य बनाकर कार्य करने की सलाह दी। नए थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण और जरूरतमंदों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने लोगों एवं पत्रकारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निष्पक्ष सूचना और सामाजिक सहयोग से कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधमुक्त वातावरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।विदाई एवं स्वागत कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां लोगों ने पूर्व और नवागत दोनों थानाध्यक्षों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR