कुशीनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी के निर्देश

 सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी के निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में फाजिलनगर ओवरब्रिज एवं फ्लाई ओवर पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एडीएम एफआर ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, आरटीओ, पुलिस विभाग एवं एनएचएआई की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र का ऑडिट कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

अपर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील मोड़ों पर तत्काल वाटर टेरेस बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

बैठक में पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लगातार प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 22 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वर्तमान में जिले में आठ विशेष सीसी टीमें गठित हैं, जो चौबीस घंटे सड़कों पर निगरानी एवं कार्रवाई कर रही हैं।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर आरटीओ विभाग ने जानकारी दी कि अनफिट एवं नियम विरुद्ध संचालित स्कूली वाहनों की नियमित जांच की जा रही है तथा ऐसे वाहनों के विरुद्ध सीज करने की कार्रवाई भी लगातार जारी है। शिक्षा विभाग के सहयोग से ‘आईएसबीएमपी’ पोर्टल प्रारंभ किया गया है, जिस पर जनपद के सभी चिन्हित स्कूली वाहनों का विवरण अपलोड कर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी वाहन की फिटनेस समाप्त होने अथवा अनफिट पाए जाने पर तत्काल डिजिटल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

चिकित्सा विभाग द्वारा बैठक में बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायलों को गोल्डन ऑवर के अंतर्गत शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने हेतु सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स एवं संवेदनशील स्थलों के निकट एम्बुलेंस की तैनाती कर दी गई है।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर:  व्यूरो।

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ