जनपद में 28 से 30 मई तक मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज आंधी-बारिश की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

जनपद में 28 से 30 मई तक मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज आंधी-बारिश की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
कुशीनगर। मौसम विभाग, (आई.एम.डी.) लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान एवं चेतावनी दिनांक 27 मई, 2026 (भा.मा.स. 15:15 बजे) के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आगामी दिनों में वर्षा, अतिवृष्टि, वज्रपात (आकाशीय विद्युत) एवं तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है। उक्त पूर्वानुमान के अनुसार जनपद कुशीनगर में दिनांक 28 मई,
2026 से 30 मई, 2026 तक आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ एवं निचले क्षोभ मंडल में पंजाब क्षेत्र पर बने चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त प्रभाव से तड़ित झंझावात, मेघगर्जन, ओलावृष्टि एवं वर्षा की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग द्वारा प्राप्त चेतावनी के अनुसार जनपद में मेघगर्जन, वज्रपात, आंधी-तूफान, 50-60 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा तक की झोंकेदार हवाएं तथा तेज वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। उक्त परिस्थितियों के दृष्टिगत जनपद कुशीनगर को दिनांक 28.05.2026 एवं 29.05.2026 को ऑरेंज जोन तथा 30.05.2026 को येलो जोन में प्रदर्शित किया गया है।
अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने समस्त कार्यालयाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संभावित आपदा की स्थिति में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक मानव एवं भौतिक संसाधनों सहित पूर्णतः अलर्ट मोड पर रहें, जिससे किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। साथ ही जनमानस को भी मौसम संबंधी चेतावनियों के प्रति जागरूक एवं सतर्क किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसामान्य से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों एवं विद्युत पोलों के समीप जाने से बचें तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
आपातकालीन संपर्क नंबर :
पुलिस / अग्निशमन सेवा : 100 / 101,
एम्बुलेंस सेवा : 108 / 102,
विद्युत विभाग कंट्रोल रूम, कुशीनगर : 7054177824,
जिलाधिकारी कार्यालय कंट्रोल रूम : 1077, 05564-240590


रिपोर्टर: के.एन.राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ