केजीबीवी में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आयोजित हुई पीटीएम सर्वाधिक उपस्थिति वाली छात्राओं के अभिभावकों को किया गया सम्मानित अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

केजीबीवी में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश

सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आयोजित हुई पीटीएम

सर्वाधिक उपस्थिति वाली छात्राओं के अभिभावकों को किया गया सम्मानित

अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों |

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) भाटपाररानी के निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने तथा छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसी क्रम में 30 मई को सभी केजीबीवी में अनिवार्य रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैठकों में अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें बालिका शिक्षा के महत्व, उनके सर्वांगीण विकास तथा समाज में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को विद्यालयों में शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क सुविधाओं, जैसे आवास, भोजन, खेलकूद, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए।

साथ ही अभिभावकों को विद्यालय के शैक्षणिक ढांचे, शैक्षणिक कैलेंडर, अध्ययन पद्धति एवं आगामी योजनाओं से भी अवगत कराया जाए, जिससे विद्यालय के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सभी छात्राएं समय से विद्यालय लौटें और नियमित रूप से अध्ययन करें। इसके लिए अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी बालिकाओं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना प्राथमिकता है तथा इसके लिए छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है।


जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित कराई गई।

बैठक में शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए अभिभावकों को जागरूक किया गया। साथ ही विद्यालयों में संचालित पठन-पाठन, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उन्हें शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शिक्षित बालिका ही सशक्त समाज की मजबूत नींव होती है।

आज आयोजित पीटीएम में जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राओं के अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया।

जनपद में संचालित कुल 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में आयोजित इस बैठक के माध्यम से बेहतर शैक्षिक वातावरण के निर्माण तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया।



रिपोर्टर: ब्यूरों 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ