जनगणना कार्यों में शिथिलता पर प्रशासन सख्त, 12 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी


 तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, बीएसए एवं डीपीआरओ से मांगा गया स्पष्टीकरण 
 टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।
देवरिया, 26 मई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी द्वारा जनपद में संचालित जनगणना कार्यों की समीक्षा किए जाने के दौरान कई अधिकारियों की कार्यप्रणाली में शिथिलता पाई गई। समीक्षा में तहसीलदारों, अधिशासी अधिकारियों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा जनगणना कार्यों में अपेक्षित प्रगति एवं प्रभावी पर्यवेक्षण न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामशंकर द्वारा संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में पूछा गया है कि जनगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य में इतनी शिथिलता क्यों बरती जा रही है।
        समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी, जिन्हें शासन द्वारा जनगणना कार्य के लिए अपर जिला जनगणना अधिकारी नामित किया गया है, अपने अधीनस्थ कर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित नहीं कर सके। इसी कारण दोनों अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
       जिला जनगणना अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ प्रगणकों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए जनगणना कार्य को पूरी प्रतिबद्धता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
          जिला जनगणना अधिकारी ने ऐसे प्रगणकों को भी आगाह किया है, जिन्होंने अब तक अपना कार्य प्रारंभ नहीं किया है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रगणक तत्काल जनगणना कार्य प्रारंभ करें तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही न बरतें। उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना कार्य में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित प्रगणकों के विरुद्ध भी विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
          जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, उनमें जनपद के सभी तहसीलदार, पांच अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 12 अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।



रिपोर्टर: व्यूरो।

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ