हीटवेव को लेकर प्रशासन सतर्क, श्रमिकों और नियोक्ताओं से सावधानी बरतने की अपील
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण हीटवेव को देखते हुए श्रम विभाग ने श्रमिकों एवं नियोक्ताओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने सभी श्रमिकों से गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि वे अपने सिर को सूती गमछे, टोपी आदि से ढककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पेयजल का सेवन करते रहें, ताकि लू एवं गर्मी जनित बीमारियों से बचाव किया जा सके।
उन्होंने जनपद के सभी नियोक्ताओं से अपेक्षा की है कि अत्यधिक तापमान एवं रेड अलर्ट की स्थिति में निर्माण कार्य, फैक्ट्री संचालन तथा बाहरी श्रम कार्यों के समय में आवश्यक बदलाव किया जाए। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रमिकों से प्रत्यक्ष धूप में कार्य न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि सभी कार्यस्थलों को छायादार एवं मौसम के प्रभाव से सुरक्षित बनाया जाए। इसके साथ ही श्रमिकों के लिए इलेक्ट्राल, स्वच्छ पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आपात स्थिति में तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की भी अपील की है, ताकि हीटवेव के प्रभाव को कम किया जा सके और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR