घुघली चीनी मिल परिसर में पेड़ों की कटान का आरोप, कोर्ट आदेश की अनदेखी का दावा

 घुघली चीनी मिल परिसर में पेड़ों की कटान का आरोप, कोर्ट आदेश की अनदेखी का दावा

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज । जनपद के घुघली कस्बे स्थित बंद पड़ी चीनी मिल परिसर में कुछ लोगों द्वारा पेड़ों की कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद परिसर में अंधाधुंध पेड़ों की कटान जारी है। हालांकि, इस संबंध में मिली जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि टाइम्स ऑफ कुशीनगर नहीं करता है।


बताया जा रहा है कि घुघली निवासी संजय पोद्दार ने इस मामले को लेकर स्थानीय चौकी पर न्यायालय के आदेश की प्रति भी सौंपी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में लंबे समय से पेड़ों की कटाई का कार्य चल रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

सूत्रों के अनुसार, चीनी मिल वर्षों से बंद पड़ी है और उसके परिसर में बड़ी संख्या में पुराने पेड़ मौजूद हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यदि मामले में शिकायत सही पाई जाती है, तो यह न्यायालय के आदेश की अवहेलना और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का विषय बन सकता है। स्थानीय लोग प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ