डायट परिसर में ईसीसीई रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन, पूर्व प्राथमिक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

बालवाटिका और आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल-आधारित शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो 
कुशीनगर।राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की संस्तुतियों के अनुरूप जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) कुशीनगर परिसर में पूर्व प्राथमिक शिक्षा के अंतर्गत ईसीसीई (Early Childhood Care and Education) रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम
का शुभारंभ नगर पालिका परिषद कसया की अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल तथा डायट प्राचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के करकमलों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दूबे एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेंद्र मणि रहे। वहीं जिला पंचायत सदस्य दीपक द्विवेदी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उद्घाटन अवसर पर डायट प्राचार्य ने कहा कि यह रिसोर्स सेंटर बालवाटिका और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा तथा निपुण भारत मिशन को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राकेश जायसवाल ने कहा कि बालवाटिका संचालन में शिक्षकों के साथ-साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है, जिससे बच्चों के शुरुआती शिक्षण को मजबूत बनाया जा सके। 

वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दूबे ने कहा कि आंगनवाड़ी और बालवाटिका केंद्र पूर्व प्राथमिक शिक्षा के बेहतर विकल्प बनकर उभर रहे हैं। जानकारी के अनुसार ईसीसीई रिसोर्स सेंटर में 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए एक आदर्श बालवाटिका मॉडल प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बाला फीचर्स, लर्निंग कॉर्नर, शिक्षण सामग्री, टीएलएम, वंडर बॉक्स सहित अन्य संसाधन उपलब्ध होंगे। डिजिटल शिक्षण और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए इंटरएक्टिव पैनल भी स्थापित किया गया है।

 रिसोर्स सेंटर का संचालन डायट प्राचार्य के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय समिति द्वारा किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले की बालवाटिकाओं से जुड़े ईसीसीई एजुकेटर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य हितधारकों का प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण किया जाएगा। साथ ही जिले में बालवाटिका संचालन की स्थिति, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों का संकलन एवं समीक्षा भी की जाएगी।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रशिक्षण ऋषभ कुमार, जिला समन्वयक निपुण मदुरेन्द्र कुमार शुक्ला, डायट मेंटर एवं नोडल प्री-प्राइमरी डॉ. कमलेश कुमार, नोडल एसआरजी राम प्रकाश पाण्डेय, डायट प्रवक्ता धनंजय चतुर्वेदी, शिवनाथ चक्रवर्ती, मुकेश कुमार, अखलाक अहमद सहित बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया।



ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ