डीएम ने तीन कटानरोधी परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण
गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों |
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को जनपद में संचालित तीन महत्वपूर्ण कटानरोधी परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियोंएवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सबसे पहले सरयू (घाघरा) नदी के बाएं तट पर छित्तूपुर-भागलपुर तटबंध के किमी 0.825 से किमी 1.140 के मध्य संचालित कटानरोधी परियोजना का निरीक्षण किया। लगभग 5.84 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि
कटानरोधी कार्य हर हाल में बरसात से पूर्व पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी स्तर पर मानकों से समझौता न किया जाए।इसके बाद जिलाधिकारी ने सरयू (घाघरा) नदी के बाएं तट पर स्थित भागलपुर कस्बे की सुरक्षा के लिए संचालित कटानरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। लगभग 6.79 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना के तहत 330 मीटर लंबाई में कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने तथा वर्षा ऋतु से पूर्व उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने घाघरा नदी के बाएं तट पर निर्मित तुर्तीपार-चुरिया तटबंध की सुरक्षा हेतु कराए जा रहे पीचिंग एवं कटानरोधी कार्यों का भी जायजा लिया। लगभग 7.53 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना के अंतर्गत तटबंध के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कटानरोधी परियोजनाएं जनहित एवं नदी तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अधिशासी अभियंता (बाढ़) राधेश्याम प्रसाद, सहायक अभियंता उपेंद्र कुमार तथा जूनियर इंजीनियर राहुल चौधरी, विवेक कुमार एवं सोनू कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR