दहेज हत्या का आरोपः मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जिले के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित मटरा धमउर गांव में शुक्रवार को दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई।
एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि कुशीनगर जिले के जटहा बाजार निवासी अलीहसन की तहरीर पर 26 अप्रैल को निचलौल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में मटरा धमउर गांव के गुलशन, फिरोज, ईशा, अफरोज और फैयाज अंसारी के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता अलीहसन के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी हसीरुन निशा की शादी 25 फरवरी 2021 को फैयाज अंसारी से की थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे-नाजिया और इब्राहिम-हुए। आरोप है कि पति फैयाज अंसारी, जो विदेश में रहता है, फोन पर दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और अपमानजनक बातें करता था।
अलीहसन ने आरोप लगाया कि 22 अप्रैल की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और बिना सूचना दिए शव को दफन कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक वीडियो में उनकी बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना के संकेत मिलते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR