तेज रफ्तार का कहर: महराजगंज में सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत, CCTV में कैद हुआ मंजर


 टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों 
महराजगंज । जनपद के सिसवा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों युवक तेज रफ्तार बाइक से अपने दोस्त की बारात में शामिल होने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब 10 फीट दूर जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। 

सड़क पर शव बिखर गए और चारों तरफ खून फैल गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। यह पूरी घटना पास के एक पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार को सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि बाइक सवार युवक लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से कुशीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस अचानक बाईं ओर पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ने लगी, जिससे बाइक सीधे बस में जा भिड़ी।

 हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे ट्रेस कर हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ