सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं,

 जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो

देवरिया। सदर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल 

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 73 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 33 राजस्व, 15 पुलिस, 4 विकास तथा 21 अन्य विभागों से संबंधित थे। इनमें से 7 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अतिरिक्त दो पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड तथा एक लाभार्थी को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित कर तत्काल राहत प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शी एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ