महिलाओं के अधिकारों पर विपक्ष ने किया विश्वासघात: सहजानंद राय
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए महिला-विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी। वह जिला पंचायत के स्वर्गीय प्रदीप चौधरी स्मारक सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पर हुई चर्चा देश के लोकतांत्रिक भविष्य और महिलाओं की भागीदारी के लिए ऐतिहासिक अवसर था। लेकिन इन दो दिनों में विपक्षी दलों—कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके—का रवैया शर्मनाक और अलोकतांत्रिक रहा, जिसकी भाजपा कड़ी निंदा करती है।
सहजानंद राय ने आरोप लगाया कि इन दलों ने न सिर्फ विधेयकों का विरोध किया, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा धर्म आधारित आरक्षण की मांग असंवैधानिक है, क्योंकि भारतीय संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता। वहीं टीएमसी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपने राज्य में महिलाओं की आवाज दबाती है, वह संसद में लोकतंत्र की बात कर रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष यह नजरअंदाज कर रहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का क्रियान्वयन परिसीमन से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इन विधेयकों का विरोध करना महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं जागरूक हैं और विपक्ष के भ्रम फैलाने वाले प्रयासों को समझती हैं।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR