बांदा में पारा 47.4°C पर, 27 अप्रैल तक लू के आसार
टाईम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बांदा में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो अप्रैल महीने के अब तक के उच्चतम तापमान की बराबरी करता है। तेज गर्म पछुआ हवाओं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लू की तीव्रता और दायरा दोनों बढ़ गए हैं।
प्रदेश के कई जिलों में भी उष्ण लहर (लू) का
व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, बलिया, वाराणसी, गाजीपुर और प्रयागराज में लू की स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर उष्ण रात्रि (गर्म रात) की स्थिति भी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को दिन ही नहीं बल्कि रात में भी राहत नहीं मिल रही।मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और 27 अप्रैल तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है। हालांकि, इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 27 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा और धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। यह स्थिति मई के शुरुआती दिनों तक बनी रह सकती है।
बारिश के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे 28 अप्रैल से लोगों को लू से राहत मिल सकती है। राजधानी लखनऊ में भी 26 और 27 अप्रैल को कहीं-कहीं लू चलने के आसार जताए गए हैं।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR