महराजगंज में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त घायल; चार संदिग्ध हिरासत में

युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त घायल; चार संदिग्ध हिरासत में

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरा खल्ली गांव में पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी अकबर अली के बेटे अमजद अली (पेशा- अंडा और मीट विक्रेता) को शनिवार सुबह करीब 11 बजे युवराज चौधरी अपने साथ घर से बुलाकर ले गया था।

परिजनों को रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि पिपरा खल्ली के अटकहवा नहर के पास कुछ लोग अमजद की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि अमजद अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा था, जबकि उसके साथ गया युवराज चौधरी घायल हालत में मिला।

परिजन दोनों को तत्काल बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों ने अमजद अली को मृत घोषित कर दिया। युवराज का इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन और चप्पल भी बरामद किया है।

मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष योगेंद्र राय के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ