लखपति महिला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न, आत्मनिर्भरता पर जोर
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित लखपति महिला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने, स्वरोजगार के अवसर सृजित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि चयनित महिलाओं को कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को उसकी रुचि एवं स्थानीय संसाधनों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित हो सके। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को बैंक से जोड़कर समय पर ऋण उपलब्ध कराने, आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन देने तथा उत्पादों के विपणन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय हाट-बाज़ार, मेलों, सरकारी आयोजनों तथा ऑनलाइन माध्यमों पर स्टॉल सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में “लखपति दीदी” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का चयन करने और उनकी नियमित निगरानी करने पर भी बल दिया गया। सफल महिलाओं के उदाहरणों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अन्य महिलाओं को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, उपायुक्त (स्वयं सहायता समूह), जिला मिशन प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मिशन से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR