पर्यटन विकास की सौगात, 11 परियोजनाओं के लिए ₹694 लाख स्वीकृत
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।
कुशीनगर। जनपद में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। गोरखपुर मंडल के कुशीनगर में 11 पर्यटन विकास परियोजनाओं के लिए ₹694 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों का विकास कर उन्हें सुविधायुक्त बनाना है। कुल ₹1031.70 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति के सापेक्ष यह धनराशि जारी की गई है। कार्यों के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है, जिसे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
📍 इन स्थलों पर होंगे विकास कार्य
स्वीकृत परियोजनाओं में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के धार्मिक स्थल शामिल हैं। इनमें रामकोला में राम जानकी मंदिर, हाटा में श्री राम जानकी मंदिर, फाजिलनगर में शंकर जी मंदिर, पडरौना में बांसी नदी घाट पर पर्यटन सुविधाओं का विकास प्रमुख है।
इसके अलावा तमकुहीराज स्थित राम जानकी मंदिर घूरपट्टी, खड्डा क्षेत्र के हड़वा मंदिर एवं कोक माता भुवनेश्वरी देवी मंदिर सहित कई स्थानों पर विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही रामघाट सहित अन्य स्थानों पर बहुउद्देशीय हाल का निर्माण भी प्रस्तावित है।
🌟 मंत्री ने क्या कहा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि सरकार धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। “आस्था के साथ विकास” की भावना के तहत यह परियोजनाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी सहायक होंगी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR