🌾 कसया के खदई गांव में कृषक गोष्ठी व मृदा परीक्षण अभियान आयोजित

 🌾 कसया के खदई गांव में कृषक गोष्ठी व मृदा परीक्षण अभियान आयोजित

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के विकास खंड कसया अंतर्गत ग्राम खदई में शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को कृषक गोष्ठी सह मृदा परीक्षण अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती और मृदा स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।


कार्यक्रम में इफको क्षेत्र अधिकारी श्री अनमोल रत्न, एसएफए अभिषेक दुबे एवं एसएफए हॉटस्पॉट अंगद गिरी सहित लगभग 50 प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रगतिशील कृषक सोनू अंसारी ने की।

इस दौरान इफको क्षेत्र अधिकारी अनमोल मिश्रा ने किसानों को मृदा नमूना लेने की सही विधि और उसके परीक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण के माध्यम से खेत में उपलब्ध पोषक तत्वों की सही जानकारी मिलती है, जिससे संतुलित उर्वरक का उपयोग संभव होता है। इससे खेती की लागत घटती है, उत्पादन बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है।

किसानों को मृदा नमूना लेने की प्रक्रिया समझाते हुए बताया गया कि खेत के अलग-अलग स्थानों से 6-8 इंच गहराई तक मिट्टी लेकर उसका मिश्रण तैयार करें और उसमें से एक प्रतिनिधि नमूना परीक्षण के लिए भेजें। साथ ही यह भी सलाह दी गई कि नमूना लेते समय खेत के कोनों, मेड़ों या जहां उर्वरक डाले गए हों, वहां की मिट्टी से बचें।

गोष्ठी में नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, सागरिका समेत अन्य उर्वरकों के उपयोग की विधि भी बताई गई। विशेषज्ञों ने बताया कि पारंपरिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है, जबकि नैनो उर्वरक सीधे पौधों पर प्रभाव डालते हैं और उत्पादन बढ़ाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में प्रगतिशील कृषक जमील अंसारी, लक्ष्मीनारायण कुशवाहा, रोहित गोंड सहित 50 से अधिक किसानों की सहभागिता रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ