🌾 ई-लाटरी से मिलेगा अनुदानित बीज, ‘पहले आओ-पहले पाओ’ व्यवस्था खत्म

 🌾 ई-लाटरी से मिलेगा अनुदानित बीज, ‘पहले आओ-पहले पाओ’ व्यवस्था खत्म

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

कुशीनगर। प्रदेश सरकार ने किसानों को अनुदानित बीज वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब तक प्रचलित ‘पहले आओ-पहले पाओ’ प्रणाली को समाप्त कर दिया गया है और इसके स्थान पर ई-लॉटरी प्रणाली लागू की गई है।


जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक किसान बीज के लिए आवेदन करते हैं, तो उनका चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और सभी पात्र किसानों को समान अवसर मिलेगा।


उन्होंने बताया कि अब केवल Farmer ID धारक किसान ही इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही, एक नई शर्त के तहत यदि किसी किसान ने एक फसल पर अनुदान प्राप्त कर लिया है, तो वह उसी फसल पर अगले वर्ष अनुदान का लाभ नहीं ले सकेगा।

बीज बुकिंग के लिए कृषि विभाग ने फसलों के अनुसार तिथियां भी निर्धारित कर दी हैं। खरीफ फसलों के लिए 15 अप्रैल से 10 मई, रबी (दलहन/तिलहन) के लिए 20 अगस्त से 20 सितंबर तथा जायद फसलों के लिए 15 जनवरी से 10 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।

इसके अलावा 0.2 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए बीज की मात्रा भी तय की गई है, जिसमें धान के लिए 4 से 8 किलोग्राम, गेहूं व मटर के लिए 20 किलोग्राम, उर्द, मूंग और अरहर के लिए 4 किलोग्राम तथा सरसों व तिल के लिए 1 किलोग्राम बीज उपलब्ध कराया जाएगा।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं। नई व्यवस्था को किसानों के लिए अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बताया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ