लाइनमैन पर रिश्वत लेने का आरोप, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
रंजीत मोदनवाल
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।घुघली विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एक लाइनमैन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उस पर काम कराने के बदले पैसे लेने और बाद में जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के आरोप लग रहे हैं।
वायरल वीडियो में लाइनमैन उपभोक्ता से बहस करते हुए नजर आ रहा है। उपभोक्ता का आरोप है कि बिजली का तार जोड़ने के लिए उससे पैसे लिए गए, लेकिन काम सही तरीके से नहीं किया गया। जब उपभोक्ता ने इस पर सवाल उठाया तो लाइनमैन ने कथित तौर पर कहा कि “₹50-₹100 देने की जिम्मेदारी मेरी नहीं है” और वीडियो बनाने पर भी कोई आपत्ति नहीं जताई।
वीडियो में लाइनमैन यह भी कहता दिख रहा है कि संबंधित क्षेत्र का लाइनमैन कोई और है और उपभोक्ता उसी से संपर्क करे। इस पर उपभोक्ता सवाल करता है कि जब उसकी ड्यूटी नहीं थी, तो उसने काम क्यों किया। बातचीत के दौरान लाइनमैन बार-बार वीडियो वायरल करने की बात कहता नजर आ रहा है।
हालांकि, लाइनमैन का कहना है कि पोल टूटा हुआ था, जिसे ठीक किया गया और तार भी जोड़ा गया। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि उपभोक्ता द्वारा दिए गए पैसे वापस कर दिए गए हैं।
वीडियो में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है, जिसमें लाइनमैन यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ₹50-₹50 दोनों विद्युत कर्मियों को दिए गए थे।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल विभाग की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR