प्रेम संबंधों को लेकर विवाद के बीच दो सगी बहनों की मौत, भाई हिरासत में

दो बहनों की हत्या के मामले में परिवार पर आरोप, दो भाई हिरासत में

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद के थाना सेवरही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पिपराघाट एहतमाली देवनरायन टोला में सोमवार को एक घर की कोठरी से दो सगी बहनों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लाली (20 वर्ष) एवं शीला (18 वर्ष), पुत्री रामप्रसाद निषाद के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवतियों का गांव के ही दो युवकों के साथ पूर्व में संबंध था। इस संबंध में उनके पिता रामप्रसाद द्वारा अलग-अलग समय पर तीन मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। पुलिस ने पूर्व में दोनों युवतियों को बरामद भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उनका संपर्क संबंधित युवकों से बना रहा।

पुलिस के अनुसार इस बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद होता था। लगभग 15 दिन पूर्व पिता ने दोनों युवतियों के मोबाइल फोन छीन लिए थे, जो कथित रूप से युवकों द्वारा दिए गए थे। जांच में यह बात सामने आई है कि इसी पारिवारिक विवाद और नाराजगी के चलते परिवार के सदस्यों द्वारा दोनों बहनों की डंडे से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

मामले में थाना सेवरही पर प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मृतकाओं के भाइयों सूरज और नितीश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ