तालाब में गिरने से एक हिरण की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया

तालाब में गिरने से एक हिरण की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद के मिठौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बरवां सोनिया में सोमवार सुबह
करीब 6 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर तीन हिरण गांव में आ गए। कुत्तों द्वारा खदेड़े जाने या भयभीत होकर भागने के दौरान एक हिरण गांव के एक पुराने तालाब में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हिरणों के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से शेष दो हिरणों को सुरक्षित पकड़ लिया गया। बाद में उन्हें वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया, जिसने उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वन विभाग ने मृत हिरण के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके।

इस बचाव अभियान में ग्राम प्रधान सर्वेश सिंह, सद्दाम हुसैन, राहुल गुप्ता, रघुबर गौड़, जलील, रियाज और वाजिद अली सहित कई ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।

वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि पानी और भोजन की तलाश में अक्सर वन्यजीव रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सूचना मिलने से दो हिरणों की जान बचाई जा सकी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ