टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के अड्डा बाजार क्षेत्र में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब स्टेज पर फोटो खिंचवाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में तब्दील हो गया। इस मारपीट में दूल्हे के भाई विनोद प्रजापति (32) की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के चडलहा गांव से बारात सोनौली कोतवाली क्षेत्र के कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव आई थी। कार्यक्रम के दौरान वर-वधू पक्ष के बीच स्टेज पर फोटो खिंचवाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले।
घटना में गंभीर रूप से घायल विनोद प्रजापति को तत्काल गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शव रखकर किया प्रदर्शन, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना से आक्रोशित परिजन शव को लेकर कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव पहुंचे और कन्या पक्ष के घर के सामने शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोनौली, नौतनवा और परसामलिक थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शांत कराया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में दीनानाथ और शम्भू प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR