गेहूं लेकर निकला किसान, रास्ते में रोकी गई ट्राली
आखिर मंडी सिस्टम में कौन कर रहा खेल?
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। जिले में किसानों की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर मौसम की मार से पहले ही पैदावार प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर अब प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर किसानों को सड़कों पर ही रोका जा रहा है। ताजा मामला भिसवां पोखरे के सामने का है, जहां एक किसान अपनी गेहूं से भरी ट्राली लेकर धर्मकांटा कराने के बाद बिक्री के लिए जा रहा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही किसान अपनी ट्राली लेकर आगे बढ़ा, तभी एक बोलेरो वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने खुद को मंडी समिति से जुड़ा बताते हुए ट्राली को रुकवा लिया। खाकी वर्दीधारी की मौजूदगी में कागजात जांच के नाम पर किसान की गाड़ी को घंटों सड़क किनारे खड़ा रखा गया।
किसान का आरोप है कि उसके पास सभी जरूरी कागजात मौजूद थे, इसके बावजूद उसे बेवजह रोका गया। इस दौरान उसे मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। गेहूं से लदी ट्राली धूप में खड़ी रही और समय पर बिक्री न हो पाने की चिंता अलग से सता रही थी।
स्थानीय किसानों का कहना है कि आखिर वे अपनी उपज कहां और कैसे बेचें? एक तरफ सरकारी खरीद केंद्रों पर लंबी लाइनें और जटिल प्रक्रिया, दूसरी तरफ रास्ते में इस तरह की रोक-टोक—किसान पूरी तरह से असमंजस में है।
घटना के दौरान मौजूद लोगों के अनुसार, पूछताछ करने पर संबंधित व्यक्ति और खाकी वर्दीधारी मौके से रवाना हो गए। इससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। किसानों के बीच यह चर्चा है कि कहीं यह कार्रवाई नियमों के नाम पर अवैध वसूली या दबाव बनाने का जरिया तो नहीं।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR