आम तोड़ने पर बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल; दंपति गिरफ्तार
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जनपद के चौक थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां आम तोड़ने के आरोप में एक मासूम बच्चे को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीवान की तरफ खेलने गया था बच्चा
जानकारी के अनुसार, चौक बाजार क्षेत्र का एक बच्चा खेलते-खेलते सीवान की ओर चला गया था। इसी दौरान उसने एक पेड़ से आम तोड़ लिए। पेड़ की मालकिन सरिता और उसके पति रामनाथ ने बच्चे को ऐसा करते हुए देख लिया। इससे नाराज होकर दोनों ने बच्चे के हाथ-पैर पेड़ से बांध दिए और डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी।
शोर सुनकर जुटी भीड़, किसी ने बनाया वीडियो
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
पुलिस ने छुड़ाया, आरोपियों पर कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को बंधनमुक्त कराया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया और उनका चालान किया। हालांकि बाद में दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी
पुलिस ने घटना की जानकारी बच्चे के परिजनों को दी। मामले में आगे की जांच की जा रही है और अन्य कानूनी कार्रवाई भी जारी है।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR