बैकुंठी घाट बदहाल, बरसात में अंतिम संस्कार की बढ़ी मुश्किलें
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। घुघली विकासखंड के तिलकवनिया ग्राम पंचायत में स्थित क्षेत्र के प्रमुख बैकुंठी दाह संस्कार घाट पर सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब तीन वर्षों से घाट का टीन शेड क्षतिग्रस्त होकर गायब है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं हो सका है।
घुघली, भटहट और कोठीभार थाना क्षेत्रों के अधिकांश गांवों के लोग यहां अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। बारिश के मौसम में खुले आसमान के नीचे अंतिम संस्कार करना परिजनों के लिए मुश्किल हो जाता है। बारिश में लकड़ियां भीगने से चिता जलाने में भी परेशानी होती है।
बताया जाता है कि करीब एक दशक पहले बरसात के दौरान अंतिम संस्कार में सुविधा के लिए यहां टीन शेड का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले तेज हवा या अन्य कारणों से टीन शेड उड़ गया था। इसके बाद से अब तक इसे दुरुस्त नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत की ओर से घाट पर कुछ कार्य कराए गए हैं, लेकिन टीन शेड समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर अपेक्षित पहल नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बारिश को देखते हुए घाट पर स्थायी टीन शेड और जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार स्थल जैसी मूलभूत सुविधा की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। बरसात के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए घाट का जल्द जीर्णोद्धार कराया जाना जरूरी है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR