बंदर के धक्का देने से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत

बंदर के धक्का देने से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया। नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरकर घायल हुए अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कपड़े सुखाने के लिए छत पर गए अधेड़ को पीछे से एक बंदर ने धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे जमीन पर गिर गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र के डिह स्थान, पटेल नगर निवासी विनोद निषाद (60) पुत्र स्वर्गीय परदेसी कुछ समय से लखनऊ में रहकर आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ दिन पहले ही वह अपने घर आए थे।
बुधवार सुबह विनोद निषाद कपड़े सुखाने के लिए अपने घर की छत पर गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक काले बंदर ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विनोद निषाद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी घनावती और दो बेटे विशाल एवं विक्की का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ