नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी


टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, कुशीनगर।

नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिवस जनपद में जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह परीक्षा 08 जून से 10 जून 2026 तक जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ किसान इंटर कॉलेज, साखोपार स्थित परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी व्यवस्था तथा कैमरों के कवरेज क्षेत्र की गहन जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर इससे समझौता नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तथा निगरानी व्यवस्था तैनात की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने, अफवाह फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा अभ्यर्थियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

रिपोर्टर:ब्यूरो,

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ