टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया।भूमि विकास बैंक के पूर्व सभापति संतराज यादव ने आज विकास भवन के गांधी सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों, नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर ही नहीं, बल्कि तकदीर भी बदली है। इन 12 वर्षों की सबसे बड़ी ताकत जनता का अटूट विश्वास एवं सेवाभाव रहा है। सेवा, संस्कार, सम्मान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ-साथ देश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया गया है। योजनाओं का लाभ शोषित, वंचित, पीड़ित एवं असहाय वर्ग तक पहुंचाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का कार्य किया गया है। सही मायनों में यह 12 वर्षों का कार्यकाल जनविश्वास एवं सुशासन का रहा है।यादव ने कहा कि जनहित एवं राष्ट्रहित में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। जनविश्वास के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह प्रेस वार्ता आयोजित की गई है। किसानों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, प्रत्येक घर तक शौचालय, बिजली एवं गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसे कार्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किए गए हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य किया गया है। गौ-सुरक्षा, शिक्षा, ग्रामीण विकास, श्रमिक कल्याण तथा रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। पुलिस भर्ती में निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया अपनाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि जनविश्वास एवं सुशासन के बल पर आज एनडीए देश के विभिन्न राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल की शुरुआत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की फाइल पर हस्ताक्षर कर की थी। सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों का परिणाम है कि लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। तकनीक एवं डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से सीधे बैंक खातों में धनराशि भेजकर 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से रोके गए हैं। यह 12 वर्ष केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक हैं।
जनकल्याण एवं समावेशन
जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए। कोरोना महामारी के कठिन समय से अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत करोड़ों लोगों को सुरक्षा कवच प्रदान किया गया। 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान, 11 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन तथा 16 करोड़ से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया। 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाखों लोगों को ऋण उपलब्ध कराया गया। मुद्रा योजना के अंतर्गत करोड़ों लाभार्थियों को ऋण वितरित किए गए तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से लाखों कारीगरों को लाभान्वित किया गया। जनजातीय समाज के विकास के लिए विशेष बजट का प्रावधान किया गया। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लखपति दीदी योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किए गए। सुरक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई गई तथा एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित किए गए।
केंद्र सरकार की योजनाओं में जनपद की 12 वर्षों की उपलब्धियां
वर्ष 2014 से अब तक जनपद में 7,74,334 आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड बनाए गए। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत 5,46,509 लाभार्थियों को 74.32 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। 570 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण 42.34 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया। शिक्षा विभाग के माध्यम से 10,12,329 छात्रों को डीबीटी के जरिए 117.26 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 1,07,506 लाभार्थियों को 118.26 करोड़ रुपये, निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत 63,702 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। दिव्यांग पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण योजना के माध्यम से हजारों लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 22,448 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2,093 आवास निर्मित कराए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 17,062 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया तथा लखपति दीदी योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभान्वित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 4,20,695 व्यक्तिगत शौचालय, 1,074 सामुदायिक शौचालय, 613 पंचायत भवन, 132 अंत्येष्टि स्थल एवं 981 ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों का निर्माण कराया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना तथा अन्य विकास योजनाओं के अंतर्गत अनेक परियोजनाएं पूर्ण की गईं।
महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 30 बेडेड ट्रॉमा सेंटर, 20 बेडेड बर्न वार्ड तथा 20 बेडेड टॉक्सीकोलॉजी ब्लॉक सहित विभिन्न परियोजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सलेमपुर अग्निशमन केंद्र, नवीन पुलिस थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य जनसुविधा संबंधी परियोजनाओं का निर्माण भी कराया गया है।
इस प्रकार केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से जनपद में चहुंमुखी विकास को गति मिली है तथा जनपद को सर्वांगीण विकास के पथ पर अग्रसर किया गया है।
आयोजित प्रेस वार्ता में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, अजय दुबे, अंबिकेश पांडेय, प्रभाकर तिवारी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR