करोड़ों रुपये के फर्जी लोन का खुलासा, युवक के नाम पर खोल रखी थी कंपनी

करोड़ों रुपये के फर्जी लोन का खुलासा, युवक के नाम पर खोल रखी थी कंपनी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया।

बरहज थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी कर 10 करोड़ रुपये का फर्जी लोन लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहज थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी देवेश मिश्रा पुत्र कृष्णकांत मिश्र ने जिलाधिकारी देवरिया को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके नाम और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर डीएम इंटरप्राइजेज नाम से एक फर्म संचालित दिखाई गई तथा उसके नाम पर लगभग 10 करोड़ रुपये का लोन प्राप्त कर लिया गया।

देवेश मिश्रा का कहना है कि उन्होंने न तो कभी कोई कंपनी खोली और न ही जीएसटी पंजीकरण कराया। मामले का खुलासा तब हुआ जब सहायक सूचना आयुक्त, देवरिया के निर्देश पर लेखपाल द्वारा उनसे चल एवं अचल संपत्तियों का विवरण मांगा गया। जांच-पड़ताल करने पर उन्हें अपने नाम पर लिए गए भारी-भरकम ऋण की जानकारी हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस प्रकरण में बैंक और जीएसटी विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। इतने बड़े ऋण को स्वीकृत करने के दौरान बैंक द्वारा केवाईसी और दस्तावेजों के सत्यापन में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। वहीं जीएसटी पंजीकरण के समय फिजिकल वेरिफिकेशन किस आधार पर किया गया, यह भी जांच का विषय है।

पीड़ित देवेश मिश्रा ने बताया कि उन्हें नोटिस मिलने के बाद ही इस पूरे मामले की जानकारी हुई। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

उधर, बरहज पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि सहायक सूचना आयुक्त द्वारा राजस्व कर्मियों से संपत्ति का विवरण मांगा गया था। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर 12 जून को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ