प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, 4 कानूनगो का वेतन रोका

प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, 4 कानूनगो का वेतन रोका
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील में प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने वाले चार राजस्व निरीक्षकों (कानूनगो) के खिलाफ तहसील प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। तहसीलदार तमकुहीराज ने चारों अधिकारियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का आदेश जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक उपेन्द्र प्रसाद, हरेन्द्र प्रसाद, अयोध्या प्रसाद एवं देवप्रकाश उपाध्याय को शासन, परिषद, आयुक्त स्तर तथा जनसामान्य से प्राप्त संदर्भों के साथ-साथ इलाहाबाद उच्च न्यायालय से संबंधित लंबित रिट याचिकाओं में आवश्यक आख्या एवं स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।
तहसीलदार कार्यालय की ओर से 5 जून 2026 को जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। आरोप है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद न तो आवश्यक आख्या उपलब्ध कराई गई और न ही किसी प्रकार का स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया।
मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए तहसीलदार ने चारों राजस्व निरीक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने का आदेश जारी कर दिया। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश जारी होने के बाद तहसील परिसर और राजस्व विभाग के कर्मचारियों के बीच इसकी चर्चा जोरों पर है।


रिपोर्टर:  ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ