टेंट लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, गंभीर रूप से झुलसा

टेंट लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, गंभीर रूप से झुलसा
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जनपद के सिसवा नगरपालिका क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड में गुरुवार को 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना उस समय हुई जब वह एक बहुभोज कार्यक्रम के लिए
टेंट लगाने का कार्य कर रहा था। गंभीर हालत में युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर वार्ड निवासी आदित्य विश्वकर्मा (20) गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे सुभाष नगर वार्ड में टेंट लगाने का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्य के दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा और नवीन मद्धेशिया मौके पर पहुंचे तथा परिजनों के साथ घायल युवक को तत्काल सिसवा सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने घटना के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नगर के कई इलाकों में हाईटेंशन तार काफी नीचे लटके हुए हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी ऐसी घटना है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि जल्द तारों को दुरुस्त नहीं कराया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ