स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं पार्टनर एजेंसियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक सुलभ, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए सार्वभौमिक प्रतिरक्षण कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए मदरसों एवं विद्यालयों में विशेष अभियान चलाने तथा शिक्षा एवं अल्पसंख्यक विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करने पर बल दिया गया। वहीं स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी को दूर करने हेतु चिकित्सकों, सीएचओ एवं अन्य कर्मियों का युक्तिकरण कर आवश्यकतानुसार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा के दौरान लगभग 90 आशाओं के निष्क्रिय पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने “प्रेरणा कैंटीन” योजना की समीक्षा करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को निर्देशित किया कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत भर्ती महिलाओं को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, पोषण, टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन एवं संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR