सड़क धंसने से बढ़ा खतरा, जिम्मेदार खामोश; हादसे की आशंका से सहमे लोग

 

सड़क धंसने से बढ़ा खतरा, जिम्मेदार खामोश; हादसे की आशंका से सहमे लोग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में रामबाग से क्रांति चौराहा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर सड़क धंस जाने से आवागमन बाधित हो गया है। सड़क का आधा हिस्सा धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों में भय का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर उर्फ कुर्मी पट्टी गांव के समीप लक्ष्मीपुर माइनर के पास मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सड़क के किनारे से गुजरने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में हुई बारिश और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई।ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है, लेकिन देर शाम तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका था। इससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और दुर्घटना से बचाव के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ