झोलाछाप के इंजेक्शन ने ली किशोरी की जान, आरोपी गिरफ्तार

 झोलाछाप के इंजेक्शन ने ली किशोरी की जान, आरोपी गिरफ्तार

 बिना डिग्री इलाज कर रहा था आरोपी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मचा हड़कंप 

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज। जनपद में अवैध चिकित्सकों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गलत इंजेक्शन लगाने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत का गंभीर आरोप है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटहरा खास टोला उसरहवा निवासी एक किशोरी के पैर में फोड़ा-फुंसी होने पर परिजन उसे गांव के ही एक कथित डॉक्टर के पास इलाज के लिए ले गए। आरोप है कि बिना किसी वैध चिकित्सकीय योग्यता के आरोपी ने किशोरी को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही किशोरी की हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।

घबराए परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में आक्रोश का माहौल बन गया।

मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र (40 वर्ष) पुत्र रामबेलास, निवासी कटहरा टोला उसरहवा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी महज छठवीं पास है और लंबे समय से अवैध रूप से इलाज कर रहा था।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नागेन्द्र मणि, आयुष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस घटना ने एक बार फिर अवैध चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत को उजागर कर दिया है। प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अभियान अब और भी तेज कर दी गयी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ